- Hindi News
- National
- Breaking News LIVE Updates; Delhi Ayushman Yojana Launch | Waqf Bill Approval
1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) लाजपत नगर साकेत जी ब्लॉक रूट पर 3-कोच मेट्रो कॉरिडोर बनाएगा। इस पर तीन कोच की मेट्रो चलाई जाएगी। यह 3-कोच मेट्रो के लिए डिजाइन किया गया देश का पहला मेट्रो कॉरिडोर है।
DMRC ने रविवार को बताया- यह दिल्ली मेट्रो प्रोजेक्ट के चौथे फेज का हिस्सा है। यह कॉरिडोर आठ किलोमीटर का तक फैला होगा और नेटवर्क में दूसरा सबसे छोटा रूट होगा। हर कोच में करीब 300 यात्री बैठ और खड़े हो सकेंगे।
इससे तीन कोच वाली मेट्रो की कुल क्षमता 900 यात्री प्रति ट्रिप होगी। कॉरिडोर में लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक तक आठ स्टेशन होंगे। कॉरिडोर का निर्माण 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
महाराष्ट्र के लातूर में नगर निगम कमिश्नर ने सुसाइड की कोशिश की; गोली सिर के पार हुई, हालत गंभीर

महाराष्ट्र के लातूर नगर निगम कमिश्नर बाबासाहेब मनोहरे ने शनिवार देर रात अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की। गोली की आवाज सुनकर परिजन उनके कमरे में पहुंचे और तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए।
रात में ही उनकी सर्जरी हुई है। अभी भी उनकी हालत गंभीर है।गोली सिर के दाहिने हिस्से से पार हो गई है, जिससे दिमाग मे गंभीर चोट आई है। मनोहरे ने सुसाइड की कोशिश क्यों की, अभी इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
एम.ए. बेबी को CPI-M का महासचिव बनाया गया, केरल के पूर्व शिक्षा मंत्री रह चुके हैं

केरल के पूर्व शिक्षा मंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद एम. ए. बेबी को रविवार को CPI-M (भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी- मार्क्सवादी) का महासचिव चुन लिया गया है। यह फैसला सीताराम येचुरी के निधन के बाद लिया गया।
तमिलनाडु के मदुरै में रविवार को आयोजित पार्टी की 24वें अधिवेशन में केंद्रीय समिति ने 18 सदस्यीय पोलित ब्यूरो के साथ बेबी को महासचिव चुना। केंद्रीय समिति में 85 सदस्य (एक रिक्ति के साथ) शामिल किए गए, जिसमें 20% महिलाएं हैं।
वक्फ बिल पर सुप्रीम कोर्ट में नई याचिका, केरल मुस्लिम संगठन ने धार्मिक मामलो में हस्तक्षेप बताया

वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 की संवैधानिक वैधता को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में एक नई याचिका दायर की गई है। याचिका में दावा किया गया है कि यह धार्मिक संप्रदाय के अधिकारों में हस्तक्षेप है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 को अपनी मंजूरी दे दी। विधेयक की वैधता को चुनौती देते हुए शीर्ष अदालत में कई याचिका दायर की गई हैं। नई याचिका केरल में सुन्नी मुस्लिम और मौलवियों के एक संगठन समस्त केरल जमीयतुल उलेमा ने दायर की है।
बिहार के बक्सर में कार और ट्रक की टक्कर, चार लोगों की मौत, तीन अन्य घायल

बिहार के बक्सर जिले में एक कार और ट्रक की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान प्रमोद सिंह, बंटी कुमार, पप्पू सिंह और सोनू कुमार के रूप में हुई है। यह घटना बक्सर-राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक से टकराने के कारण हुई। तीन लोगों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश में नाबालिग लड़की ने सुसाइड किया, परिवार ने प्रेमी से बात करने के लिए मना किया था

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक 15 साल की लड़की ने परिवार के डांटने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार लड़की का प्रेम संबंध था। परिवार ने लड़की को युवक से बात करने के लिए मना किया था, जिसके बाद लड़की ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया।
पंजाब के राज्यपाल ने ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान में शामिल हुए, नशीली दवाओं के खिलाफ पदयात्रा की

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत रविवार को नशे के खिलाफ पदयात्रा की। कटारिया ने कहा, ‘आज अभियान का चौथा दिन है और यह ‘जन यात्रा’ बन गई है। स्थानीय लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं। बड़ी संख्या में छात्र इस अभियान से जुड़ रहे हैं।’ कई खिलाड़ी और अर्जुन पुरस्कार विजेता भी इसमें शामिल हो रहे हैं।
महाराष्ट्र के बीड मस्जिद विस्फोट मामले में गिरफ्तार दो लोगों के खिलाफ पुलिस ने UAPA लगाया

महाराष्ट्र के बीड जिले में एक मस्जिद में हुए विस्फोट के मामले में गिरफ्तार दो लोगों के खिलाफ पुलिस ने आतंकवादी कृत्य के लिए कठोर गैरकानूनी गतिविधियां अधिनियम(UAPA) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं लगाई हैं।
ईद से पहले 30 मार्च को मस्जिद में विस्फोट हुआ था। जिसके 24 घण्टे के अंदर स्थानीय निवासी विजय राम गव्हाणे (22) और श्रीराम अशोक सागड़े (24) को गिरफ्तार कर लिया गया। विस्फोट में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन मस्जिद का अंदर का भाग क्षतिग्रस्त हो गया था।
मणिपुर में सुरक्षाबलों ने 6 उग्रवादी पकड़े, बड़ी मात्रा में हथियार बरामद

मणिपुर में सेना और असम राइफल्स ने मणिपुर पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ और आईटीबीपी के साथ मिलकर 4 और 5 अप्रैल को संयुक्त ऑपरेशन चलाया। इस दौरान 6 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया और 22 हथियार, पिस्टल, राइफल, ग्रेनेड, गोलियां और युद्ध सामग्री बरामद की गई।
यह ऑपरेशन इम्फाल ईस्ट, इम्फाल वेस्ट, काकचिंग, चुराचांदपुर और बिष्णुपुर जिलों में हुआ। इसके अलावा, दो उग्रवादी अपहरण के मामले में भी गिरफ्तार हुए और एक व्यक्ति को सुरक्षित बचाया गया। गिरफ्तार लोगों और हथियारों को मणिपुर पुलिस को सौंप दिया गया है। यह कार्रवाई उग्रवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
दिल्ली में शुरू हुई आयुष्मान भारत योजना, 10 अप्रैल से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन

दिल्ली सरकार ने शनिवार (5 मार्च) को आयुष्मान भारत योजना को दिल्ली के लोगों के लिए लागू किया। अब पहले चरण में 2.35 लाख परिवारों को इसमें शामिल किया जाएगा। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि 10 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन शुरू होगा और आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
इसके तहत लोगों को इलाज के लिए सालाना 10 लाख रुपए तक का मुफ्त बीमा मिलेगा। साथ ही सरकार दिल्ली में 17,000 नए अस्पताल बेड जोड़ेगी और 400 आयुष्मान हेल्थ सेंटर (आरोग्य मंदिर) बनाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया और प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद किया।